

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : कोयला चोरी और अवैध रूप से कोयला जमा करने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को ईसीएल की सुरक्षा टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। ईसीएल मुख्यालय टास्क फोर्स, सीआईएसएफ तथा सोदपुर एरिया सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने धेमोमेन के खरमबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 20 मीट्रिक टन लावारिस कोयला बरामद किया। बरामद कोयले को सुरक्षा टीम ने मौके से हटाकर धेमोमेन कोलियरी परिसर में सुरक्षित जमा करा दिया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि खरमबाद क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कोयला लावारिश अवस्था में रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए शनिवार सुबह करीब 5 बजे संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान मंदिर के पीछे काफी मात्रा में कोयला पड़ा मिला। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के दौरान बरामद कोयले पर किसी व्यक्ति या समूह ने अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने कोयले को लावारिस मानते हुए उसे वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने करीब 20 टन कोयला एकत्र कर उसे धेमोमेन कोलियरी परिसर में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इस कार्रवाई में ईसीएल मुख्यालय टास्क फोर्स के सिक्योरिटी इंस्पेक्टर पीयूष सिंह, सीआईएसएफ शीतलपुर क्यूआरटी के डीके सिंह एवं उनकी टीम, सोदपुर एरिया सिक्योरिटी टीम के इंद्रनील माजी और जगदंबा महतो समेत संबंधित कोलियरी के सुरक्षा कर्मी शामिल रहे। संयुक्त अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद हीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा टीम से कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। छापेमारी के दौरान किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
पोड़ा कोयला बनाया जाता है
जानकारों का कहना है कि यहां पर विभिन्न जगहों से कच्चा कोयला लाकर इकठ्ठा करता है और जलाकर पोड़ा कोयला बनाता है फिर स्कूटर ठेला से होटलों पर भेज दिया जाता है। यह खेल आज कोई नया नहीं है बल्कि कई वर्षों से चल रहा है। गौरतलब है कि ईसीएल के विभिन्न खदान क्षेत्रों में कोयला चोरी और अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत सुरक्षा विभाग, सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय के साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। कमांडेंट राहुल सिंह गौतम के अनुसार अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।