

जामुड़िया : 2021 के विधानसभा चुनाव में विधायक हरेराम सिंह ने चुनावी वादा किया था कि जामुड़िया शहर को उन्नत शहर के रूप में विकसित किया जाएगा लेकिन वर्तमान समय में जो स्थिति है, ऐसा तो नहीं लगता है कि जामुड़िया एक विकसित शहर कभी बन सकेगा। विकसित शहर बनना तो दूर की बात है, जामुड़िया अब सबसे निम्न स्तर का शहर के रूप में बदल गया है आज से 15 वर्ष पहले जामुड़िया की जो सूरत थी, आज 2025 में बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। पहले जामुड़िया शहर थाना मोड़ बस स्टैंड से नंदी मोड़ तक या कहा जा सकता है कि आपायन भवन तक ही था। आज जामुड़िया शहर पुनियाटी से लेकर थाना मोड़, मुख्य बाजार से लेकर नंदी मोड़ होते हुए दामोदरपुर तक, नंदी मोड़ से नंदी रोड तक तो नंदी मोड़ से अखलपुर तक विस्तृत हो चुका है जिसमें कई शोरूम के साथ बड़े-बड़े प्रतिष्ठान खुल गए हैं। वहीं शहर आज तक पूरी तरह से अव्यस्थित हो गई है। दूसरी ओर शहर की सुविधा में कोई बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। शहर में न तो ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम है और न ही कोई पार्किंग स्थल है। नतीजा शहर में चलने वाले मोटर साइकिल के सवार खुली सड़कों पर अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं। वहीं कुछ लोग गली-मोहल्ले में अपनी बाइक खड़ी कर रास्ते को जाम कर दे रहे हैं।
शहर को जाममुक्त करने के लिए हो मास्टर प्लान - मनोज अग्रवाल
सामाजिक कार्यकर्ता सह मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि जामुड़िया शहर तभी विकसित हो सकता है जब इसके लिए कोई मास्टर प्लान बनाकर काम किया जाये। बिना मास्टर प्लान के यह संभव नहीं है। आज मोटर साइकिल या छोटे वाहन जामुड़िया की मुख्य सड़क पर ही पार्क किये जाते हैं कारण कि जामुड़िया में कोई पार्किंग स्थल नहीं है। पार्किंग स्थल होने से सड़क पर कोई भी बाइक या छोटे वाहन खड़ा नहीं करेगा। नगर निगम सिर्फ आसनसोल शहर की तरफ ध्यान देता है जबकि जामुड़िया भी आसनसोल नगर निगम का एक बड़ा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बाबा बैतालीराम सेवाश्रम के पास केंद्र सरकार की ईनामी प्रॉपर्टी है। अगर राज्य सरकार उस जगह पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर एक पार्किंग स्थल का निर्माण कर सकती तो शहर जाममुक्त हो सकता है।
नगर निगम जामुड़िया के साथ कर रही है सौतेला व्यवहार - बिकास यादव
युवा माकपा नेता बिकास यादव ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की करनी और कथनी में बहुत अंतर है। जितेंद्र तिवारी जब आसनसोल नगर निगम के मेयर थे तो उन्होंने नंदी में एक उद्घाटन समारोह के दौरान कहा था कि जामुड़िया को मॉडल टाउन बनाया जाएगा लेकिन उनका वह वादा हवा में रह गया। 2021 के विधानसभा चुनाव के समय विधायक हरेराम सिंह ने भी कहा था कि जामुड़िया को विकसित शहर बनाया जाएगा। अब उनके कार्यकाल के 5 वर्ष होने वाले हैं लेकिन जामुड़िया का विकास कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा है। उनका खुद का विकास जरूर हुआ है। वहीं इस बारे में विधायक हरेराम सिंह से संपर्क नहीं किया जा सका है।
नगर निगम जामुड़िया के विकास के लिए पूरी तरह से असफल रहा है - फिरोज खान
जिला के युवा कांग्रेस नेता फिरोज खान ने कहा कि नगर निगम जामुड़िया से सिर्फ टैक्स वसूली करने का कार्य करता है जबकि जामुड़िया बोरो क्षेत्र में कोई भी विकास का कार्य नहीं किया जा रहा है। पार्किंग स्थल तो दूर की बात है, जहां कार्य का टेंडर जारी किया गया है। उस जगह पर ही कार्य नहीं किया जा रहा है।