

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : यात्रियों के सामान की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार रात आसनसोल स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। RPF पोस्ट आसनसोल (पश्चिम) और जीआरपीएस आसनसोल की संयुक्त टीम ने पोस्ट कमांडर आसनसोल (पश्चिम) के नेतृत्व में गुरुवार रात को स्टेशन परिसर में सघन छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्लेटफार्म नंबर 2 के छोर पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ नजर आया। टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय रजक बांकुड़ा जिला निवासी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक ओपो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि यह मोबाइल उसने आसनसोल स्टेशन पर एक यात्री से चोरी किया था। मौके पर आरपीएफ पोस्ट आसनसोल (वेस्ट) के प्रभारी बिमान गोराई ने कहा कि जांच के बाद पता चला कि बरामद मोबाइल जीआरपीएस/आसनसोल केस नंबर 36/2026, धारा 305(C) BNS, दिनांक 20.05.2026 से संबंधित है। इसके बाद नियमानुसार जप्ती सूची तैयार कर मोबाइल को जब्त किया गया और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस आसनसोल को सौंप दिया गया।