

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : दुर्गापूजा से पहले झालदा नगरपालिका को नया चेयरमैन मिल गया। बुधवार को नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी की मौजूदगी में विजय कांदू ने नये चेयरमैन के रूप में शपथ ली। गत 2 सितंबर को उन्हें सर्वसम्मति से नगरपालिका का चेयरमैन चुना गया था। शपथ ग्रहण समारोह में उप-चेयरमैन सुदीप कर्मकार समेत नगरपालिका के अन्य पार्षद मौजूद रहे।
लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक गतिरोध की स्थिति समाप्त कर अब नागरिकों को नियमित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा नवनिर्वाचित चेयरमैन ने दिया। उल्लेखनीय है कि गत 25 जुलाई को वार्ड संख्या 6 के पार्षद और तत्कालीन चेयरमैन सुरेश अग्रवाल ने चेयरमैन पद के साथ-साथ पार्षद पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही झालदा नगरपालिका में प्रशासनिक कामकाज प्रभावित था। आखिरकार दुर्गापूजा के ठीक पहले नगरपालिका को नया चेयरमैन मिलने से इस गतिरोध के समाप्त होने की उम्मीद जगी है। नये पदभार संभालने के बादविजय कांदू ने कहा झालदा नगर पालिका के विकास और नागरिक सेवा प्रदान करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।