
-->

सालानपुर : सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती सोमवार रात स्टेशन रोड निवासी संजय मिश्रा के घर हुई चोरी की घटना ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि घर में विशाल लोहे का गेट और सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था होने के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, घर के मालिक अपने परिवार के साथ दुर्गापुर गए हुए थे। वहीं घर की सुरक्षा में तैनात गार्ड 6 जुलाई की रात एक शादी समारोह में शामिल होने चला गया था। इस दौरान घर खाली होने के मौके का फायदा उठाकर चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारियां, लॉकर और संदूक को खंगाल डाला तथा केवल कीमती गहनों और नकदी पर हाथ फेर कर फरार हो गए। अगले दिन सुबह जब गार्ड वापस लौटा तो घर का पिछला दरवाजा टूटा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। परिवार के घर लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे सवाल
चोरी की बढ़ती घटनाओं ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिये हैं। लोगों का कहना है कि चोरों को पहचानना तो फिलहाल मुश्किल है लेकिन वे घूमते रहते हैं यह देखने के लिए कि किस घर में ताला लगा है। बस वह घर उनके निशाने पर हो जाता है। वहीं लोगों का कहना है कि झारखंड सीमा के नजदीक होने का फायदा उठाकर बाहरी अपराधी योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने बढ़ती बेरोजगारी, आर्थिक अनिश्चितता और सीमा क्षेत्रों में कमजोर निगरानी को अपराध बढ़ने का एक कारण बताया है। उनका कहना है कि पुलिस को नियमित गश्त बढ़ाकर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।