आसनसोल बुलाकर लूट लिए गए आभूषण व रुपये

अदालत ने अभियुक्त को भेजा 6 दिनों की रिमांड पर
आसनसोल बुलाकर लूट लिए गए आभूषण व रुपये
Published on

आसनसोल : हुगली जिले के एक व्यक्ति को आसनसोल शहर में बुलाकर उससे 45 ग्राम आभूषण तथा एक लाख रुपये की छिनतई करने से संबंधित मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम सुशोभन भगत बताया गया है। वह हुगली जिले के अमरपुर इलाके का रहने वाला है। उसे मंगलवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उसे पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे 6 दिनों की रिमांड पर भेज दिया।

आखिर क्या था पूरा मामला ?

बताया जाता है कि हुगली जिले के चिनसुराह निवासी सुकुमार दासगुप्ता ने आरोप लगाया है कि एफआईआर में नामजद अभियुक्त सुशोभन भगत, अरानी चक्रवर्ती उर्फ ​​साहब तथा सुवेन सेन उर्फ ​​सौमेन जिन्हें वह पहले से जानते थे, उन्होंने बीते 7 जून को कुछ कीमती प्राचीन वस्तुएं दिखाने के झूठे बहाने से उन्हें आसनसोल बुलाया था। हालांकि अभियुक्तों ने उन्हें पुलिस के फर्जी स्टीकर लगी एक गाड़ी में आसनसोल लाकर उन्हें कुमारपुर स्थित एक होटल में ठहराया। वहीं अभियुक्तों ने शिकायतकर्ता को एक सूनसान जगह पर ले जाकर उन्हें बंधक बना लिया तथा उनके साथ मारपीट की। इसके साथ ही उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें धमकाया और उन पर दबाव डालकर एक मनगढ़ंत पिछली तारीख का समझौता लिखवाकर उस पर हस्ताक्षर करवाए, जिसमें 3,75,000 रुपये के एक काल्पनिक ऋण को स्वीकार किया गया था और सोने के आभूषणों को गिरवी रखा गया था। इसके बाद अभियुक्त ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देकर उनसे लगभग 45 ग्राम सोने के आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद लूट लिया था। उक्त शिकायत के आधार पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने मामले पर अपनी त्वरित कार्रवाई करते हुए उनमें से एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। फिलहाल उक्त मामले पर पुलिस की छानबीन पूरे जोर-शोर से चल रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in