जंगलमहल को मिलने जा रहा पहला अभयारण्य

पुरुलिया के प्रस्तावित वन क्षेत्र का वन मंत्री ने किया निरीक्षण, 21 मौजों में फैलेगा अभयारण्
प्रस्तावित वन क्षेत्र का निरीक्षण करते वन मंत्री
प्रस्तावित वन क्षेत्र का निरीक्षण करते वन मंत्री
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : जंगलमहल में वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में पुरुलिया एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। जिले में जंगलमहल का पहला अभयारण्य स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने बुधवार को पुरुलिया के झालदा और कोटशिला वनांचल के प्रस्तावित अभयारण्य क्षेत्र का दौरा कर जायजा लिया। उनके साथ वन विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रस्तावित अभयारण्य कोटशिला वन क्षेत्र के सिमनी और नोआहातु बीट तथा झालदा वन क्षेत्र के कलमा बीट को मिलाकर विकसित करने की योजना है। करीब 3,609.40 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस अभयारण्य में कुल 21 मौजों को शामिल करने का प्रस्ताव है। यह वन क्षेत्र जैव विविधता के लिहाज से काफी समृद्ध माना जाता है। यहां हाथी, तेंदुआ, भालू सहित कई प्रकार के वन्यजीव पाए जाते हैं। इसके अलावा लगभग 73 प्रजातियों के औषधीय पौधे भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं। वन्यजीवों और वनस्पतियों की यह विविधता इसे अभयारण्य के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाती है।

दौरे की शुरुआत में वन मंत्री ने झालदा रेंज कार्यालय में जिला एवं ब्लॉक प्रशासन तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तावित अभयारण्य का नक्शा और विस्तृत योजना प्रस्तुत की गई। इसके बाद मंत्री और अधिकारियों ने झालदा रेंज के सेवाती पहाड़ तथा आसपास के जंगलों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रस्तावित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और वन संपदा का जायजा लेते हुए संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

इस मौके पर वन विभाग की राज्य मंत्री दिवाकर घरामी, वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीष जैन, राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक संदीप सुंदरियाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक राजेश कुमार, पुरुलिया के जिलाशासक सुधीर कोन्थम सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रस्तावित अभयारण्य क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है। अब जिले की ओर से प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष भेजा जाएगा। इसके बाद कुछ अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन महीनों के भीतर इन प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया जाएगा।

वन मंत्री ने कहा कि इन दूरदराज के वन क्षेत्रों को संरक्षित करने और उनके विकास के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। आने वाले दो से चार वर्षों में इस इलाके में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पुरुलिया के सुरुलिया मिनी जू में तेंदुआ लाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में वहां जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। वन क्षेत्र में कथित अवैध कब्जे से जुड़े सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि कहीं अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऐसे निर्माणों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या पहाड़ को लेकर भी वन विभाग की योजनाएं हैं।

गौरतलब है कि बीते 20 सितंबर को पुरुलिया में आयोजित प्रशासनिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जंगलमहल के पहले अभयारण्य के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब लगभग दो महीने बाद वन मंत्री के प्रस्तावित क्षेत्र के निरीक्षण और कैबिनेट में प्रस्ताव भेजने की घोषणा से इस योजना को आगे बढ़ने का संकेत मिला है।

प्रस्तावित अभयारण्य के अस्तित्व में आने से न केवल हाथी, तेंदुआ और भालू जैसे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध वनस्पति और जैव विविधता को भी नई सुरक्षा मिलेगी। इस पहल से जंगल से सटे गांवों के निवासियों में भी खुशी और उम्मीद का माहौल है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News