

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के प्रतिष्ठित हिंदी शिक्षण संस्थानों में शामिल जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर स्वर्णिम वर्षगांठ महोत्सव मनाने जा रहा है। आगामी 2 एवं 3 नवंबर को विद्यालय परिसर में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विद्यालय के प्राचार्य रोहनराम रजक की अध्यक्षता में शिक्षक परिषद की बैठक हुई।
विद्यालय की स्थापना वर्ष 1951 में पांचवीं एवं छठी कक्षा से हुई थी। वर्ष 1968 में तत्कालीन प्रधानाध्यापक स्व. राजेंद्र प्रसाद ठाकुर के कार्यकाल में विद्यालय को हाई स्कूल की मान्यता मिली। उनके अवकाश ग्रहण करने के बाद दिगंबर प्रसाद मिश्रा ने विद्यालय का कार्यभार संभाला। इसके बाद गणेश प्रसाद मिश्रा के कार्यकाल में विद्यालय को उच्च माध्यमिक की मान्यता प्राप्त हुई तथा कला और वाणिज्य की पढ़ाई छात्र-छात्राओं के लिए शुरू की गई। बाद में जवाहर राम चौरसिया और शंभु रजक ने भी विद्यालय के विकास में योगदान दिया।
प्राचार्य रोहनराम रजक ने बताया कि दो दिवसीय समारोह में नाटक, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पहले दिन प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जबकि दूसरे दिन पूर्व शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक हस्तियों, पत्रकारों, कवियों एवं साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में पवन कुमार अग्रवाल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अजय कुमार खेतान ने कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है। आयोजन को लेकर अभिभावकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ एक बड़ी बैठक भी आयोजित की जाएगी। शिक्षक परिषद की बैठक में सुरेश पाण्डेय, संतोष प्रसाद साव, बिनोद साव, करण तांती, प्रोबीर सरकार, नीरज कुमार शर्मा, अश्विनी कुमार सिंह, कौशलेश कुमार सिंह, मोनिका वर्मा, प्रतिमा कपूर चौहान, रणवीर कुमार महतो और उत्तम मुखर्जी उपस्थित थे।