

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सोमवार को पुलिस लाइन्स स्थित शरद मंच में क्लीन पुलिस स्टेशन कम्पटीशन की अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने 17 थानों में स्वच्छता, बेहतर माहौल को बढ़ावा देने, पर्यावरण के अनुकूल और आम जनता के लिए अधिक सुलभ व स्वागत योग्य बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के तहत कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों में साफ-सफाई, फाइलों के रखरखाव, पर्यावरण सुधार और विजिटर्स के लिए बैठने की अच्छी व्यवस्था के आधार पर थानों का मूल्यांकन किया गया और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में राज्य की शहरी एवं नगर विकास मंत्री अग्निमत्रा पॉल एवं ए़़डीसीपी के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने जामुड़िया थाना एवं अंडाल थाना को संयुक्त रूप से सफाई को लेकर प्रथम पुरस्कार एवं पाण्डेश्वर थाना को विशेष पुरस्कार दिया गया। साथ ही जामुड़िया थाना प्रभारी एसएस ठाकुर एवं अंडाल थाना प्रभारी प्रीतम पॉल को ट्रॉफी और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं पाण्डेश्वर थाना के प्रभारी सुशोभन बनर्जी को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सभी थाना प्रभारी को स्वचछता पर ध्यान देने पर जोर दिया और कहा कि सफाई ही थाना का पहचान है, इसलिए साफ-सफाई, स्वच्छता और पुलिस स्टेशन परिसर के रखरखाव पर खास ध्यान दिया जाये। वहीं एडीसीपी के सीपी डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि यह अवॉर्ड सेरेमनी 17 पुलिस स्टेशनों के व्यापक मूल्यांकन पर आधारित थी, जिसमें साफ-सफाई, स्वच्छता और पुलिस स्टेशन परिसर के रखरखाव पर खास ध्यान दिया गया था। वहीं अंडाल थाना और जामुड़िया थाना ने संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार जीता, जबकि पांडवेश्वर थाना को सुंदरीकरण और हरियाली के लिए किए गए बेहतरीन प्रयासों के लिए विशेष पुरस्कार मिला। इस मौके पर पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, डीसीपी वेस्ट शना अख्तर, डीसीपी ईस्ट रसप्रीत सिंह, डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, एसीपी ट्रैफिक, एसीपी, एडीसीपी साइबर सहित विभिन्न थाना के ओसी मौजूद थे।