आईएसपी के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन ने रचा नया कीर्तिमान

जून में दर्ज किया 58.8 मेगावाट का सार्वकालिक विद्युत उत्पादन
आईएसपी के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन ने रचा नया कीर्तिमान
Published on

बर्नपुर : सेल आईएसपी बर्नपुर के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्धि हासिल करते हुए जून 2026 के दौरान 58.8 मेगावाट का सार्वकालिक सर्वाधिक मासिक औसत विद्युत उत्पादन दर्ज किया है। गौरतलब है कि यह उपलब्धि जुलाई 2025 में स्थापित 57.48 मेगावाट के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए विभाग के उत्कृष्ट प्रदर्शन का नया मानदंड बन गई है। कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) विपिन कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जून माह का यह विद्युत उत्पादन संशोधित वार्षिक व्यवसाय योजना के 54.1 मेगावाट के लक्ष्य से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि संयंत्र में कैप्टिव विद्युत उत्पादन में हुई इस उल्लेखनीय वृद्धि से उत्पादन लागत में कमी आने के साथ-साथ संयंत्र की आर्थिक दक्षता एवं लाभप्रदता को भी महत्वपूर्ण बल मिला है। मुख्य महाप्रबंधक (पावर) अजय शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन की पूरी टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बॉयलरों, टर्बो जनरेटरों तथा टॉप रिकवरी टर्बाइन के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा मई 2026 में सफलतापूर्वक संपन्न कैपिटल ओवरहॉलिंग ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं विभाग की इस शानदार उपलब्धि पर निदेशक प्रभारी (बर्नपुर एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट) सुरजित मिश्रा ने पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन का दौरा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने टीम की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता एवं उत्कृष्ट समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां संयंत्र की परिचालन उत्कृष्टता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और सुदृढ़ बनाती हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in