

बर्नपुर : ISP के एस्टेट विभाग द्वारा कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि सेल आईएसपी द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार आईएसपी की जमीन पर बने अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है, इसी क्रम में अपर रोड स्थित बने शहीद भगत सिंह वेलफेयर सोसाइटी को तोड़ दिया गया। साथ ही बर्नपुर टैक्सी स्टैंड के पास बने आईएनटीटीयूसी कार्यालय को तोड़ जाने के समय बुलडोजर को रोककर खुद ही कार्यकर्ता ने ऑफिस को तोड़ना शुरू कर दिया। वहीं जब सेल आईएसपी का बुलडोजर चल रहा था तो लोगों का देखने के लिए काफी जमावड़ा लगा था।
वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य ने कहा
शहीद भगत सिंह वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य कुलवंत सिंह ने कहा कि इस सामाजिक संस्था के बने हुये 35 वर्ष हो गये हैं और करीब 20 वर्षों से इस संस्था से विभिन्न सामाजिक कार्य किए जाते रहे हैं। आगे बताया कि यहां भगत सिंह की जयंती, रक्तदान शिविर, नेत्र जांच शिविर सहित विभिन्न सामाजिक कार्य किये जाते थे, पर आज सेल आईएसपी द्वारा इस संस्था को बुलडोजर चलाकर तोड़ा जा रहा है, जो कहीं से उचित नहीं है।
क्या कहना है प्रबंधन का
सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।