

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : राधानगर रेल फाटक के पास महीनों से टूटी-फूटी और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना हो रहे थे, जिसको लेकर रेल फाटक के पास जाम लगा कर प्रदर्शन किया गया और मांग की गई थी कि सड़क का मराठ किया जाए। वहीं गुरुवार को सेल आईएसपी के कर्मचारियों के द्वारा सड़क में हुए गड्ढे को मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने सेल आईएसपी के इस कार्य की सराहना की और कहा कि सेल आईएसपी को अपने आसपास के इलाके को इसी तरह दुरस्त रखना चाहिए। क्या है घटना बीते सोमवार को स्थानीय लोगों ने चित्रा सिनेमा हॉल मोड़ से न्यू टाउन जाने वाली मुख्य सड़क (राधानगर रेल फाटक के पास) को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह सड़क अब सड़क नहीं, गड्ढों का मैदान बन चुकी है। बरसात में स्थिति और बदतर हो गई है। बाइक सवार, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग रोजाना गिरकर घायल हो रहे हैं। फाटक पर बने गड्ढे इतने बड़े हैं कि छोटे-बड़े वाहन तक फंस जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया था कि मरम्मत के लिए कई बार हीरापुर थाना और सेल-आईएसपी प्रबंधन को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। लोगों का कहना था कि यहां से आईएसपी की ही मालगाड़ियां गुजरती हैं। ऐसे में मरम्मत को लेकर न तो आईएसपी आगे आ रहा है और न ही नगर निगम, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं जब जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई तो हीरापुर थाना पुलिस और सेल आईएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जल्द मरम्मत का लिखित आश्वासन दिया था।