आईएसपी ने तृणमूल कांग्रेस के दो कार्यालयों पर चलाया बुलडोजर

किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं
आईएसपी ने तृणमूल कांग्रेस के दो कार्यालयों पर चलाया बुलडोजर
Published on

बर्नपुर : सेल आईएसपी के एस्टेट विभाग द्वारा कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। इसी क्रम में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालयों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। बता दें कि एक पार्टी कार्यालय बाटा मोड़ स्थित आसनसोल साउथ आईएनटीटीयूसी और दूसरा मस्जिद रोड मोड़ स्थित आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस का कार्यालय है। वहीं इन दोनों कार्यालय के तोड़े जाने से बर्नपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

क्या कहा तृणमूल कार्यकर्ता ने

एक तृणमूल कार्यकर्ता ने कहा कि सेल आईएसपी को जो काम करना चाहिए, वह नहीं किया जा रहा है। उनके बैंक रोड के क्वार्टर में जुआरी और नशाखोरों का रात होते ही जमावड़ा लग जाता है। ये सब ध्यान नहीं है, सिर्फ सभी जगह तोड़-फोड़कर शहर को गंदा कर रहे हैं। सेल आईएसपी के बर्नपुर टाउन में चारों तरफ गंदगी फैली रहती है, इन सब पर ध्यान नहीं है कि शहर को कैसे साफ रखना चाहिए। बर्नपुर नेपाली पाड़ा एवं स्टेशन बाजार की तरफ जाने वाली जगह पर कचरा का अंबार लगा रहता है, यह सब सफाई करने को नहीं दिखता। बस चारों तरफ तोड़-फोड़कर गंदगी फैलायी जा रही है। तृणमूल कांग्रेस के कुल मिलाकर 5 ऑफिस को तोड़े गये हैं। उन्होंने कहा कि शायद लग रहा है कि इन सभी जगहों पर बड़ी-बड़ीं दुकानें बनायेंगे या मॉल खोलेंगे, खुद उनको पता नहीं है।

सेल प्रंबधन ने कहा

सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in