

आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस मुख्यालय में आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर और पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल ( CAPF) के अधिकारी को लेकर एक संयुक्त बैठक की। गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और CAPF के प्रभावी उपयोग के संबंध में यह बैठक आयोजित की गई थी। वहीं बैठक में बलों की इस बड़ी टुकड़ी को रूट मार्च करने, जनता में विश्वास पैदा करने, ईवीएम (EVM) और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करने और गिनती केंद्रों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात करने को लेकर जरूरी चर्चा की गई। पश्चिम बर्दवान में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की भारी तैनाती की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और विश्वास कायम करने के लिए कई बल पहले ही पहुंच चुके हैं और अतिरिक्त बल अप्रैल माह शुरू होते ही चरणबद्ध तरीके से पहुंचेंगे। ये बल मतदान केंद्रों, ईवीएम और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेंगे। इस मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार, जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम, डीसीपी( हेडक्वार्टर) डॉ. अरविंद कुमार आनंद सहित CAPF के अधिकारी और बल मौजूद थे।