

मुर्शिदाबाद : पुराने विवाद को लेकर रात के अंधेरे में घर में घुसकर कथित तौर पर एक महिला, एक बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार रविवार रात मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज के घनश्यामपुर गांव एक घर में घुसकर कुल्हाड़ी, धारदार हथियारों से हमला किया गया जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हमले में एक ही परिवार के छह सदस्य, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका जंगीपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि, घटना की सूचना मिलने के बाद शमशेरगंज थाने की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पता चला है कि एक महीने पहले घनश्यामपुर गांव के उमर फारूक नाम के एक आदमी के परिवार की एक महिला को बार-बार परेशान करने को लेकर पड़ोसी गोलाप शेख के परिवार वालों से झगड़ा हो गया था। आरोप है कि गोलाप शेख का भाई अलाउल शेख आए दिन महिला को परेशान करता था। इस बात को लेकर झगड़ा होने के बाद मारपीट भी हुई थी। दोनों पक्षों ने शमशेरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं कुछ दिनों पहले गोलाप शेख के परिवार को इस मामले का नोटिस मिला था। आरोप है कि उसके बाद आरोपी फिर झगड़ा और मारपीट पर उतर आए। इसके बाद डर से पीड़ित उमर फारूक के परिवार ने रविवार दोपहर फिर एक शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बाद गोलाप शेख और इब्राहिम शेख के नेतृत्व में कई बदमाशों ने रविवार देर रात अचानक उमर फारूक के घर पर हमला कर दिया जब उस घर के सदस्य सो रहे थे। यह भी आरोप है कि हमला कर महिलाओं के बाल काट दिए गए। घर के कुछ सदस्यों पर उस्तरे से हमला किया गया। उन्हें उसी रात खून से लथपथ हालत में पहले अनूपनगर अस्पताल और बाद में जंगीपुर अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, घायलों के नाम उमर फारूक, हाजिकुल शेख, फरीदा बीबी, आसिया खातून, तुकतुकी खातून और अब्दुल्ला शेख हैं। इस घटना से इलाके में काफी दहशत फैल गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौके पर पहुंचकर कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी घटना की जांच जंगीपुर पुलिस जिले के शमशेरगंज थाने की पुलिस कर रही है। स्थानीय लोगों ने अभियुक्तों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।