ब्लास्ट फर्नेस कल्याणी में चौथे हॉट ब्लास्ट स्टोव का शुभारंभ

ब्लास्ट फर्नेस के कुशल एवं निरंतर संचालन में हॉट ब्लास्ट स्टोव की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका
ब्लास्ट फर्नेस कल्याणी में चौथे हॉट ब्लास्ट स्टोव का शुभारंभ
Published on

बर्नपुर : सेल आईएसपी बर्नपुर ने अपनी लौह उत्पादन क्षमता, परिचालन विश्वसनीयता एवं ऊर्जा दक्षता को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बता दें कि निदेशक प्रभारी सुरजीत मिश्रा ने ब्लास्ट फर्नेस संख्या-5 कल्याणी के लिए स्थापित चौथे हॉट ब्लास्ट स्टोव का विधिवत शुभारंभ किया। मौके पर कार्यकारी निदेशक (परियोजना) प्रवीण कुमार ने कहा कि एकल ब्लास्ट फर्नेस के बेहतर एवं स्थिर संचालन, तकनीकी-आर्थिक दक्षता, वित्तीय लाभ तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के दृष्टिकोण से एक अतिरिक्त हॉट ब्लास्ट स्टोव की स्थापना तकनीकी रूप से अत्यंत आवश्यक थी। नए स्टोव के चालू हो जाने के बाद अब मौजूदा तीनों स्टोवों को क्रमशः बंद कर ठंडा किया जाएगा तथा उनका विस्तृत निरीक्षण, आवश्यक मरम्मत एवं पुनः तापीय सक्रियण किया जाएगा।

क्या है हॉट ब्लास्ट स्टोव

ब्लास्ट फर्नेस के कुशल एवं निरंतर संचालन में हॉट ब्लास्ट स्टोव की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह प्रणाली फर्नेस में प्रवाहित की जाने वाली वायु को उच्च तापमान तक गर्म कर उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, ऊर्जा-कुशल एवं आर्थिक बनाती है। इस नई व्यवस्था से उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित होने के साथ-साथ परिचालन लागत में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। परियोजना के तकनीकी परामर्शदाता के रूप में सेल की रांची स्थित इकाई सेंटर फॉर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in