आसनसोल में स्कीम - टू पूजा कमेटी ने लाइट बंद कर किया विरोध

विधायक ने पहुंच कर स्थिति को किया सामान्य
आसनसोल में स्कीम - टू पूजा कमेटी ने लाइट बंद कर किया विरोध
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : हर साल की तरह इस बार भी कल्याणपुर स्कीम -टू पूजा कमेटी की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। विजया दशमी की रात पूजा आयोजक कमेटी ने अचानक पंडाल परिसर की समस्त बिजली आपूर्ति बंद कर माइकिंग कर दर्शनार्थियों को पूजा पंडाल से चले जाने को कहा गया। आयोजक कमेटी का आरोप है कि बीते चार दिनों से पुलिस व सरकार की उदासीनता के कारण कमेटी द्वारा विरोध जताया गया। कमेटी के सदस्यों का कहना है कि आसनसोल उत्तर थाना की ओर से पार्किंग हटाने से दर्शनार्थियों को नियंत्रित करने में कठिनाई हो रही थी। वहीं पुलिस ने पंडाल के ऊपर लगाए गए बड़े झूले को खुलवा दिया। सरकार की ओर से किसी तरह का प्रोत्साहन व सहयोग नहीं मिलने के कारण विजयादशमी को लाइट बंद कर विरोध जताया गया। आरोप है कि पुलिस ने हस्तक्षेप करने पर आयोजक कमेटी के दो सदस्यों को हिरासत में ले लिया, जिस कारण विवाद ने और भी वृहद रूप ले लिया। व्यापक संख्या में पूजा पंडाल पहुंचे दर्शनार्थियों ने भी जमकर हो-हल्ला मचाना शुरू कर दिया।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे विधायक

आसनसोल उत्तर के विधायक कृर्ष्णेंदु मुखर्जी ने मौके पर पहुंच पूजा पंडाल की लाइट को चालू करवाया। इसके बाद पूजा पंडाल पहुंचे दर्शनार्थी विधायक की तत्परता देखकर जयकारा लगाने लगे। विधायक ने कहा कि पूजा पंडाल का लाइट काटना कमेटी की बहुत बड़ी गलती है। सरकार को सहयोग करने के बजाय विरोध करना कमेटी की ओछी सोच को उजागर कर रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान करना चाहिए न कि पूजा देखने आए लोगों को लाइट बंद कर माइकिंग कर सभी को पूजा पंडाल से चले जाने का निर्देश देना चाहिए। मौके पर उपासना उपाध्याय, शुभाशीष दास सहित कई भाजपा सदस्य उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in