

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार जा रही एक ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। क्या है मामला? 14 अक्टूबर शाम करीब 6:10 बजे RPF वेस्ट पोस्ट, आसनसोल को गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन नंबर 15049 पूर्वांचल एक्सप्रेस में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर PC/West बिमान गोराई के नेतृत्व में इंस्पेक्टर CIB और CPDS/ASN की टीम ने आसनसोल के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर खड़ी ट्रेन के S-3 कोच के टॉयलेट में छापा मारा। तलाशी के दौरान टॉयलेट से दो बोरे में छिपाकर रखी गई - 70 बोतल 500 एमएल ,30 बोतल 750 एमएल बरामद हुई, जिसकी कुल बाजार कीमत 24,700 रुपये आंकी गई है। RPF ने मौके पर ट्रेन में मौजूद यात्रियों से इस शराब के मालिक के बारे में पूछताछ की और काफी देर तक अनाउंसमेंट भी किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने आकर इसका दावा करने को तैयार नहीं हुआ। बिहार में शराबबंदी होने के कारण इस तरह अवैध रूप से शराब की तस्करी की जाती है, जिसके बाद RPF ने सभी कानूनी प्रक्रिया और गवाहों के सामने BNSS के तहत इसे अवैध माल के रूप में जब्त कर लिया। जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए GRPS/आसनसोल को सौंप दिया गया है, जहां अज्ञात तस्कर के खिलाफ केस नंबर 102/26, धारा 46 A(c) एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।