आसनसोल जिला अस्पताल में HPV टीकाकरण अभियान शुरू

अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा को और बनाया जाएगा बेहतर
आसनसोल जिला अस्पताल में HPV टीकाकरण अभियान शुरू
Published on

आसनसोल : आसनसोल जिला अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 30 मई से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है, जिसकी घोषणा आज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की। इस कार्यक्रम के तहत आसनसोल जिला अस्पताल में किशोरियों को वैक्सीन दी गई और इस संबंध में सेमिनार आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया।

नंबर-1 बनेगा आसनसोल जिला अस्पताल - कृष्णेंदु मुखर्जी

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि पश्चिम बंगाल में 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया है और राज्य सरकार का लक्ष्य तीन महीने के भीतर लगभग 7.5 लाख लाभार्थियों का टीकाकरण करना है। इस मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि इस कल्याणकारी पहल के लिए वे बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद देते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल को नंबर-1 बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को इतना बेहतर किया जाएगा कि पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में यह मिसाल बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल के सुपरिटेंडेंट से कहा गया है कि यदि कोई समस्या हो तो उन्हें बताएं, जितनी भी सरकारी मदद की जरूरत होगी, उसका इंतजाम किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर जामुड़िया के विधायक डॉ. विजन मुखर्जी, अस्पताल के सुपरिटेंडेंट, एडीएम सहित अस्पताल के डॉक्टर एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in