

बर्दवान : बर्दवान के पारापुकुर इलाके में एक युवक की लाश तालाब से मिलने से सनसनी फैल गई है। बुधवार दोपहर स्थानीय लोगों ने स्थानीय पारापुकुर तालाब में एक लाश तैरती देखी और पुलिस को सूचना दी। बर्दवान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक का नाम प्रशांत रॉय (40) है। उसका घर पारापुकुर इलाके में है। प्रशांत रॉय दिहाड़ी मजदूर का काम करता था, लेकिन कई महीनों से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। दो दिन पहले घर से निकलने के बाद प्रशांत घर नहीं लौटा। वहीं बुधवार दोपहर उसकी लाश तालाब से बरामद हुई। पुलिस जांच कर रही है कि उसकी मौत कैसे हुई।