हाई कोर्ट पहुंचा भर्ती पैनल रद्द किए जाने का मामला

हाई कोर्ट में मामला पहुंचने के बाद कॉलेज प्रशासन को नई भर्ती प्रक्रिया रोकनी
हाई कोर्ट पहुंचा भर्ती पैनल रद्द किए जाने का मामला
Published on: 

बर्दवान : नियुक्ति पत्र जारी होने के बावजूद बर्दवान मेडिकल कॉलेज द्वारा भर्ती पैनल अचानक रद्द किए जाने के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। न्यायमूर्ति रितब्रत कुमार मित्रा की पीठ ने राज्य को 15 दिसंबर तक हलफनामे के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है। याचिकाकर्ता 22 दिसंबर तक इस रिपोर्ट पर अपनी आपत्ति या प्रतिक्रिया दे सकेंगे और मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर को तय की गई है। बर्धमान मेडिकल कॉलेज के ICMR, DHR और VRDL प्रोजेक्ट के तहत छह पदों के लिए 2 नवंबर को पैनल जारी किया गया था और उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए थे। हालांकि, उन्हें कार्यभार संभालने से पहले ही पैनल रद्द कर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे अभ्यर्थी निराश हो गए। जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से गुहार लगाने के बाद समाधान न मिलने पर सूरज मंडल समेत कई अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट का रुख किया, जिनके वकील उदयशंकर चट्टोपाध्याय और प्रणय बसाक हैं। राज्य के वकील पीयूष चतुर्वेदी ने भर्ती में अनियमितताओं और वैधताओं का दावा किया, लेकिन कोर्ट ने पाया कि अदालत के रिकॉर्ड में इसके समर्थन में कोई सबूत मौजूद नहीं है। हाई कोर्ट में मामला पहुंचने के बाद कॉलेज प्रशासन को नई भर्ती प्रक्रिया रोकनी पड़ी है और फिलहाल पुराने कर्मचारियों से ही काम चलाने का निर्णय लिया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News