सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने को ईसीएल में हाई-टेक प्रशिक्षण सिम्युलेटर शुरू

ऑपरेटरों का प्रशिक्षण होगाऔर अधिक सुरक्षित व प्रभावी
प्रशिक्षण का अवलोकन करते ईसीएल के सीएमडी सतीश झा
प्रशिक्षण का अवलोकन करते ईसीएल के सीएमडी सतीश झा
Published on

सांकतोड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने शनिवार को मानव संसाधन विकास विभाग में अत्याधुनिक डम्पर और शॉवल सिम्युलेटर का उद्घाटन किया। इस नए सिम्युलेटर से हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी संचालकों की सुरक्षा, दक्षता और प्रशिक्षण गुणवत्ता में बड़ी वृद्धि की उम्मीद है। सिम्युलेटर का उद्घाटन ईसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सतीश झा ने किया। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (उत्खनन) एम. अरुमुगम, महाप्रबंधक मानव संसाधन मदन मोहन कुमार, महाप्रबंधक (सिविल) मानस कुमार साहू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उन्नत प्रशिक्षण की नई दिशा

नया सिम्युलेटर ऑपरेटरों को उच्च क्षमता वाले डम्पर और शॉवल के जटिल संचालन में महारत दिलाने के लिए एक जोखिम मुक्त और वास्तविक जैसा वातावरण प्रदान करता है। प्रशिक्षण के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं, उपकरण क्षति और उत्पादन बाधाओं को कम करने में यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

व्यवस्थित प्रशिक्षण मॉड्यूल

प्रणाली में मूलभूत संचालन, उन्नत तकनीक, ईंधन-कुशल प्रथाओं और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर आधारित संरचित मॉड्यूल शामिल हैं। ऑपरेटरों का निष्पक्ष मूल्यांकन और त्वरित फीडबैक इस प्रशिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाता है।

ईसीएल का आधुनिकीकरण की ओर कदम - सतीश झा

सीएमडी सतीश झा ने कहा कि इस सिम्युलेटर की स्थापना को ईसीएल के आधुनिकीकरण, डिजिटलीकरण और सुरक्षित खनन प्रथाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। यह पहल कोयला उद्योग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in