28-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में गहरा रहा कम दबाव का क्षेत्र/26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका
28-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग कोलकाता ने विशेष मौसम बुलेटिन जारी करते हुए चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 72 घंटों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। IMD के अनुसार 23 अक्टूबर की सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। यह सिस्टम लगातार शक्तिशाली हो रहा है। 24 अक्टूबर तक यह कम दबाव का क्षेत्र अदबाव में बदल जाएगा। 25 अक्टूबर तक यह गहरे अवदाब में तब्दील हो जाएगा। 26 अक्टूबर सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में यह चक्रवाती तूफान बन जाएगा। विभाग के मुताबिक इसके बाद यह तूफान पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ेगा।

पश्चिम बंगाल पर क्या होगा असर

हालांकि तूफान का सीधा लैंडफॉल बंगाल में होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके असर से राज्य में मौसम बिगड़ेगा। IMD ने चेतावनी दी है कि 28 से 30 अक्टूबर के बीच दक्षिण बंगाल के कई पश्चिम बर्दवान सहित कई जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी चलेगा।आसनसोल-दुर्गापुर समेत पूरे पश्चिम बर्धमान जिले में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। वहीं मौसम विभाग ने मछुआरों को 26 से 30 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है और राज्य प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in