

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री शारदवत मुखर्जी की वर्चुअल अध्यक्षता में डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन को लेकर आसनसोल नगर निगम में एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। गौरतलब है कि बैठक में डेंगू सहित मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों को मजबूत करने, जन-जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई, ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में निर्देश दिया गया कि नालियों की सफाई, जमा पानी का निपटान, फॉगिंग और लार्वा नियंत्रण जैसे कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही लोगों को अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। स्वास्थ्य अधिकारियों को निगरानी तंत्र को सक्रिय रखने और बुखार के मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के बाद ही डेंगू का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते एहतियाती कदम उठाना जरूरी है। आसनसोल नगर निगम भी इस दिशा में लगातार अभियान चला रहा है। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा साहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।