हत्या के आरोप में नशा मुक्ति केंद्र संचालक गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्त का प्रतीक फोटो (साभार)
गिरफ्तार अभियुक्त का प्रतीक फोटो (साभार)
Published on

बर्दवान : बर्दवान पुलिस ने एक नशामुक्ति केंद्र के मालिक को एक महिला आवासीय की रहस्यमयी मौत के बाद उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम सायंतन कोले है, जो बर्दवान थाना क्षेत्र के कालना रोड स्थित पीरपुकुर का रहने वाला है। उसे रविवार रात बर्दवान शहर के खोसबागान इलाके से गिरफ्तार किया गया और सोमवार को बर्दवान सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस की 7 दिनों की रिमांड की मांग पर अदालत ने अभियुक्त को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जानकारी के अनुसार कटवा की रहने वाली 21 वर्षीय युवती को 23 जून को सायंतन के नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। इसके लिए 24,500 रुपये प्रति माह का समझौता हुआ था। परिवार का आरोप है कि भर्ती होने की पहली ही रात से युवती पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार किए गए व मारपीट की गई, जबकि फोन पर परिजनों को उसकी स्थिति ठीक बताई जाती रही। 25 जून की रात लगभग 10 बजे केंद्र की ओर से परिजनों को फोन कर युवती की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। पिता के कहने पर उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पाया कि युवती के शरीर पर चोट के निशान थे, कपड़े फटे हुए थे और नाक-ठुड्डी से खून बह रहा था। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना के दिन युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किया गया, और बाद में योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि युवती के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in