हथियार व लूटे गए जेवर के साथ चार गिरफ्तार

देसी पिस्तौल, कारतूस व लूटे गए जेवर बरामद
हथियार व लूटे गए जेवर के साथ चार गिरफ्तार
Published on: 

सालानपुर : कानगोई इलाके में घर पर हमला कर लूटपाट करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हुई वारदात की कई अहम कड़ियां सामने आई हैं। हालांकि, घटना में कथित रूप से शामिल दो अन्य आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ वसीम राजा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन की गतिविधियों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार अभियुक्तों में पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के इचरा निवासी आतिश कैरी(20), कान्हू भट्टा निवासी प्रेम गराई (35) और बागुनहाटू निवासी सोमू पात्रा शामिल हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पुलिस ने नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

हथियार के साथ लूटे गए आभूषण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, एक जोड़ी पाजेब, एक हार और एक चेन भी जब्त किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषण कानगोई में हुई लूटपाट की घटना से जुड़े हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने शिवा पासी के घर पर हमला कर लूटपाट करने की बात स्वीकार की है।

दूसरे राज्य से बुलाकर कराई गई थी वारदात

पुलिस पूछताछ में इस मामले का एक अहम पहलू सामने आया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने कथित तौर पर बताया कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के रहने वाले जयराम और आर्यन नामक दो लोगों ने उन्हें दूसरे राज्य से बड़ी रकम देने का लालच देकर बुलाया था। आरोप है कि इन्हीं दोनों के कहने पर शिवा पासी के घर पर हमला और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस खुलासे के बाद पुलिस अब जयराम और आर्यन की तलाश में जुट गई है। जांच टीम यह पता लगाने में लगी है कि दोनों इस पूरी वारदात के मुख्य साजिशकर्ता थे या इसके पीछे कोई अन्य नेटवर्क भी सक्रिय था।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 331(1), 118(1) और 351 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News