

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: स्वर्गीय डॉ. उबेश चंद्र पाल की स्मृति में जनकल्याण समिति की ओर से बुधवार को हरिपुर बाजार स्थित प्राइमरी स्कूल प्रांगण में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के नेत्र विशेषज्ञों ने करीब 320 लोगों की आंखों की जांच की और जरूरतमंदों को दवा व परामर्श दिया। जांच में 110 लोग मोतियाबिंद से पीड़ित मिले, जिनका जल्द ही निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
कार्यक्रम में पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय डॉ. उबेश चंद्र पाल की स्मृति को जनकल्याण के कार्यों से जोड़ना सराहनीय और सुंदर प्रयास है। विधायक ने जरूरतमंदों की सेवा के लिए समिति व सदस्यों की पहल की प्रशंसा की। इस दौरान आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव सोमतनंद महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जनकल्याण समिति के सचिव विक्की चौरसिया ने बताया कि डॉ. उत्पल पाल के नेतृत्व में लगे इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और सामाजिक दायित्व निभाना है। उन्होंने कहा कि आंखें अनमोल हैं और इनकी समय-समय पर जांच बेहद जरूरी है। मोतियाबिंद चिन्हित मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन के साथ ही उन्हें अस्पताल ले जाने और वापस घर छोड़ने के लिए वाहन समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजन को सफल बनाने में समिति के करीब 38 सदस्यों ने आपसी आर्थिक सहयोग दिया। समिति के अध्यक्ष किशोर मंडल, आशीष ठाकुर, सलिल नंदी, शिशिर रॉय, अरबिंद बरनवाल, मनोज बरनवाल, दीनबंधु बरनवाल और जीत कुमार समेत अन्य सदस्यों ने इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।