कालीपहाड़ी लाइफलाइन अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा

परिजनों ने लगाया समय पर दूसरे अस्पताल में रेफर नहीं करने का आरोप
हंगामा करते परिजन
हंगामा करते परिजन
Published on: 

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता

जामुड़िया : सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद काली पहाड़ी स्थित लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती जामुड़िया निवासी 52 वर्षीय हरजिंदर कौर की मंगलवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पूरे मामले की जांच की मांग की। परिजनों के अनुसार, हरजिंदर कौर को सांस लेने में परेशानी होने के बाद लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में रेफर करने का अनुरोध किया था। आरोप है कि उनकी मांग के बावजूद समय रहते मरीज को रेफर नहीं किया गया। बाद में मंगलवार शाम अस्पताल की ओर से उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया। उनका दावा है कि यदि समय रहते मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर किया जाता तो संभवतः स्थिति अलग हो सकती थी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और इलाज में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल परिसर में पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in