

बर्नपुर : हमारा संकल्प संस्था द्वारा अपने बौद्धिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल बनर्जी के साथ एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक संवाद सत्र का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि इस संवाद सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को एक प्रतिष्ठित सैन्य अधिकारी के अनुभवों एवं विचारों को निकट से जानने और उनसे सीधे संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ। मौके पर लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल बनर्जी ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण तथा कठिन परिश्रम के महत्व के बारे में बताया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर, व्यक्तित्व विकास, भारतीय सेना में अवसरों तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने अत्यंत सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया। उनकी बातों ने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। वहीं हमारा संकल्प ने लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल बनर्जी का हृदय से आभार व्यक्त किया और साथ ही ज्ञानवर्धक सत्र के लिए धन्यवाद दिया।