

बर्नपुर : गुरु गोविंद सिंह महाराज के पांच निहंग सिंहों का एक समूह बर्नपुर गुरुद्वारा साहिब में आया था, जिसमें से एक निहंग गुरुसेवक सिंह की मौत होने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बर्नपुर द्वारा लोगों के बीच गुरु का लंगर परोसा गया। गौरतलब है कि पांच निहंग सिंहों का एक समूह 18 मई को बर्नपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में आया था। उनमें से एक निहंग गुरुसेवक सिंह का 19 मई को सुबह लगभग 7:45 बजे हार्टअटैक से मौत हो गयी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बर्नपुर के प्रधान सरदार जसवंत सिंह, उपाध्यक्ष चरण सिंह, सलाहकार अजीत सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। हीरापुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसके बाद उसी दिन दोपहर लगभग 3 बजे जिला अस्पताल के अधिकारियों ने शव को गुरुद्वारा अधिकारियों को सौंप दिया।
क्या कहा गुरुद्वारा के अधिकारियों ने
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बर्नपुर के प्रधान सरदार जसवंत सिंह एवं उपाध्यक्ष चरण सिंह ने कहा कि 20 मई को बर्नपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अखंड पाठ साहिब आरंभ किया गया था एवं अखंड पाठ साहिब का भोग गुरुवार को डाला गया। साथ ही उन्होंने बताया कि गुरुवार को अतिंम अरदास के बाद सभी को गुरु का लंगर परोसा गया। इस मौके पर केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष तजिंदर सिंह बल, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बर्नपुर के प्रधान के सरदार जसवंत सिंह, उपाध्यक्ष चरण सिंह, सलाहकार अजीत सिंह, देबेंद्र सिंह मल्होत्रा, रनजीत सिंह कैरों, सुखबीर सिंह, मलकीत सिंह व अन्य मौजूद थे।