

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : बर्नपुर पुरनिया तालाब स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ शिव मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के छठियार महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर नंद घर आनंद भयो के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से भव्य रूप से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का मनमोहक श्रृंगार कर उन्हें पालने में झुलाया गया। पुजारी द्वारा विधि-विधान से छठी पूजन और हवन कराया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भजन-कीर्तन रहा। ढोलक और मंजीरे की थाप पर श्रद्धालु कृष्ण भजनों पर जमकर झूमे। महिलाओं ने सोहर गीत गाकर बाल गोपाल को बधाई दी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर मंदिर सचिव बालेश्वर यादव, राज किशोर मेहता, बेती यादव, कन्हैया तिवारी, तेज नारायण सिंह यादव, तेज नारायण सिंह, उमेश उपाध्याय, सागर यादव, शंकर शर्मा, सुदर्शन दुबे, विनोद यादव, मनोज यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी छठियार उत्सव पर यह आयोजन किया गया। भगवान की कृपा से पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।