

आसनसोल : शहर में पानी की समस्या के समाधान के लिए आसनसोल नगर निगम की वार्ड संख्या 87 स्थित डामरा 10 नं. डंगाल में पाइप लाइन और पानी सप्लाई के काम का शिलान्यास किया गया। गौरतलब है कि राज्य की शहरी एवं नगरपालिका विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की शिलान्यास की। यह कार्य आमरूत प्रकल्प और आसनसोल नगर निगम अंतर्गत संचालित हो रहा है। मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आमरूत प्रकल्प के तहत पिछली सरकार को काफी रुपये मिले पर काम नही हुआ और लोग पानी की समस्या से आज तक जूझ रहे हैं। वहीं भाजपा की सरकार वाले मुख्यमंत्री के शासन में पूरे राज्य से पानी की समस्या का समाधान होगा और हर घर-घर में पानी जायेगा। साथ ही कहा कि डामरा पाइप लाइन और पानी सप्लाई का काम होने के बाद आसनसोल नगर निगम के वार्ड 38, 39, 41, 42, 85, 86 एवं 87 में पानी की समस्या खत्म हो जायेगी। साथ ही इस प्रोजेक्ट से इलाके में पानी की सप्लाई और बेहतर होगी और वहां के लोगों को फायदा होगा। यह परियोजना न सिर्फ जल संकट को दूर करेगी बल्कि आसनसोल के शहरी विकास को भी नई गति देगी। मंच से आसनसोल दक्षिण की जनता के साथ पूरे जिला के लोगों को कहा कि जहां कहीं भी पानी की समस्या है, अगर अरबन इलाके में तो है हमें सूचित करें मगर ग्रामीण इलाका मेरे अंतर्गत नहीं आता है। शिकायत आने पर इसकी सूचना ग्राम पंचायत मंत्री तक पहुंचा दी जायेगी। इस मौके पर पश्चिम बर्दवान जिला अधिकारी एस पोन्नमबलम, आसनसोल नगर निगम इंजीनियर भाष्कर बनर्जी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत चटर्जी, आसनसोल साउथ मंडल-3 के अध्यक्ष पार्थ सार्थी दास, बीजेवाइएम राज्य कमेटी सदस्य राहुल सिंह, उमेश धाड़ी, खोखन बाउरी, सुजीत बोस, अनूप छेत्री सहित अन्य लोग मौजूद थे।