

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गारुई ब्रिज की बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ब्रिज के ऊपर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर सड़क के भीतर लगी लोहे की छड़ें बाहर निकलकर मुड़ गई हैं। इससे ड्रारावरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि गारुई ब्रिज कोलकाता-दिल्ली और दिल्ली-कोलकाता दिशा में आने-जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति खराब होने के कारण वाहन ड्राइवरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ब्रिज पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनती है, खासकर शाम के समय। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। सड़क की स्थिति और लोगों की परेशानी की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी गरुई ब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रिज की सड़क पर बने गड्ढों, दरारों और बाहर निकली लोहे की छड़ों का जायजा लिया। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने इस ओवरब्रिज के ऊपर कई जगहों पर दरारें और गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। सड़क की लोहे की छड़ें भी बाहर निकलकर मुड़ गई हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि शाम के समय इस इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिलती है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी (DM) से बात की है और NHAI के अधिकारियों से भी संपर्क किया है। विधायक ने कहा कि NHAI की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि 8 अक्टूबर तक गरुई ब्रिज की सड़क की मरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा।