गांजा तस्करी करतीं दो महिलाएं हुई गिरफ्तार

गांजा तस्करी करतीं दो महिलाएं हुई गिरफ्तार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान : अन्य यात्रियों की तरह ही वे दोनों भी ट्रेन से उतरी थीं, लेकिन पुलिस की नजर उन दो युवतियों पर ही टिक गई थी। जैसे ही वे दोनों टोटो पर बैग रखकर रवाना हुईं, पुलिस ने उनका रास्ता रोक लिया। जब जबरदस्ती उनके बैग खुलवाए गए, तो अंदर जो सामान मिला उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रेन से उतरते ही दोनों युवतियां पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। उनके पास मौजूद पिट्ठू और ट्रॉली बैग से करीब 12 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। ​यह घटना हावड़ा-काटवा शाखा के दाईहाट स्टेशन के पास की है। गिरफ्तार युवतियों के नाम जहांआरा खातून और प्रीति प्रमाणिक हैं। जहांआरा उत्तर 24 परगना और प्रीति दक्षिण 24 परगना की रहने वाली है। ​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस सतर्क थी। रात के समय दोनों युवतियां ट्रेन से दाईहाट स्टेशन पर उतरीं और एक टोटो में बैठकर मंतेश्वर की तरफ रवाना हुईं। रास्ते में दाईहाट स्टेशन के पास नशीपुर बाजार इलाके में पुलिस ने टोटो को रोक लिया। ​पुलिस को टोटो रोकते देख ड्राइवर मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद जब दोनों युवतियों के पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उनमें से लगभग 12 किलो गांजा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में यह गांजा कहां से लाया गया था? इसे कहां ले जाया जा रहा था? और इस तस्करी गिरोह में कौन-कौन शामिल है? पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in