
दुर्गापुर : कोक-ओवन थाना की पुलिस को गांजा तस्करी मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। वहीं गांजा तस्करी में शामिल चार महिलाएं एवं एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। कोक-ओवन थाना की पुलिस गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महिलाएं और एक युवक को गिरफ्तार करने में सफल हुई है। अभियुक्तों के पास से लगभग 36 किलो गांजा बरामद किया गया। उल्लेखनीय है कि पुलिस से बचने के लिए गांजा तस्करी में महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त ओड़िशा से ट्रेन द्वारा झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल में दाखिल हुए थे। दुर्गापुर स्टेशन पर उतरे और वहां से बस पकड़कर बर्दवान जाने की योजना बना रहे थे। वहीं गांजा को स्कूल बैग में भरकर लाया गया था ताकि किसी को शक न हो। इसकी भनक कोक-ओवन थाना की पुलिस को लग चुकी थी। अभियुक्तों को गांजा के साथ गिरफ्तार करने के लिए पुलिस सफेद पोशाक में रेलवे स्टेशन के आसपास तैनात थी। इस दौरान रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही पुलिस ने अभियुक्तों को गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं स्कूल बैग की तलाशी लेने के बाद गांजा से भरे पैकेट बरामद किए गए। अभियुक्तों में देवी दास, सनका दास, उषा मंडल, मिन्नती घोष और आनंद चट्टोपाध्याय शामिल हैं। सभी अभियुक्त नदिया जिले के रहने वाले हैं। अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को पुलिस ने सभी अभियुक्तों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि गांजा तस्करी गैंग में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। अभियुक्तों को अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दुर्गापुर में गांजा तस्करी में शामिल अभियुक्तों को पहले भी गिरफ्तार किया गया है।