

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : शहर के वार्ड नंबर 20 स्थित धर्मराजपल्ली इलाके में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक मकान में चल रहे अवैध नशे के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए बांकुड़ा थाना की पुलिस ने करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। वहीं मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि मकान मालिक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। गिरफ्तार अभियुक्तों में बिमलेंदु पाल और संजय खिलाड़ी शामिल है। दोनों बांकुड़ा के सारंगा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धर्मराजपल्ली स्थित सौरव गोराई के घर में मादक पदार्थों की बड़ी खेप पहुंची है और वहां से सप्लाई की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर मकान पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि अभियुक्तों से रिमांड पर पूछताछ के बाद तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।