दोस्त ही निकला गद्दार, हत्या के आरोप में गिरफ्तार

घर से बुलाकर की गई है हत्या
गिरफ्तार का प्रतीक फोटो साभार
गिरफ्तार का प्रतीक फोटो साभार
Published on

आनन्द, सन्मार्ग संवाददाता

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद थाने के हुलासपुर से एक युवक की अस्वाभाविक मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम इस्माइल शेख है। उसका घर मुर्शिदाबाद थाने के धरमपुर में है। गिरफ्तार व्यक्ति को जब लालबाग अनुमंडल कोर्ट में पेश किया गया, तो जज ने उसे छह दिनों की पुलिस रिमांड का आदेश दिया। मुर्शिदाबाद थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक को बुलाकर, प्लान बनाकर मारा गया और सबूत मिटाने के लिए शव नदी में फेंक दिया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे की कई जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, हत्या में शामिल कुछ और लोगों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, जांच के लिए अभी उन नामों को सार्वजनिक नहीं किया गया। बाकी अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार हुलासपुर का रहने वाला मिजानुर रहमान मंगलवार दोपहर अपने घर से निकला था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसके नहीं मिलने पर घरवालों ने मुर्शिदाबाद पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार दोपहर युवक का शव भैरव नदी से बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि मृतक की गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार किया गया था। मृतक के परिवार वालों ने दावा किया कि इस्माइल शेख मिजानुर का फोन आने के बाद उसके घर से चला गया था। शुक्रवार को मृतक के पिता लाल्टू शेख ने कहा कि इस्माइल शेख ने फोन करके उनके बेटे को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस को इस्माइल और उनके बेटे की हत्या में शामिल अन्य लोगों का पता लगाना चाहिए और उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in