

दुर्गापुर : दुर्गापुर वारिया फांड़ी की पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद मानस राय को गिरफ्तार करके अनुमंडल अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पुलिस की अर्जी पर अभियुक्त को चार दिनों के लिए रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस अभियुक्त मानस राय को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं अदालत में पेशी के दौरान मानस राय ने तृणमूल कांग्रेस पर फंसाने का आरोप लगाया। मानस राय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दुर्गापुर में आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप में मानस राय और उनके बेटे अभ्रनिल राय को पहले भी गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी वार्ड 32 के पूर्व पार्षद पर लगे लाखों रुपये की हेराफेरी के आरोपों के आधार पर हुई है। इस मुद्दे पर एक तरफ जहां भाजपा द्वारा तृणमूल को घेरने का प्रयास जारी है। वहीं तृणमूल ने इस पूरे मामले से अपना पल्ला पहले ही झाड़ लिया है।
कोर्ट पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
इससे पहले पुलिस जैसे ही मानस राय और उनके बेटे को लेकर कोर्ट में पहुंची थी, वहां पहले से प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ता हाथों में जूता लेकर उनकी तरफ दौड़ पड़े थे। हालांकि पुलिस ने किसी प्रकार मानस राय और उनके बेटे को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया था। मानस राय और उनके बेटे को देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चोर - चोर के नारे भी लगाए थे। इसे लेकर अदालत परिसर में भारी तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया था। उल्लेखनीय है कि मानस राय वर्ष 2017 से 2022 तक 32 नंबर वार्ड के पार्षद थे। आरोप है कि मानस राय ने अपने बेटे के साथ मिलकर कई दुकानदारों और कारोबारियों से पैसे वसूले थे। आरोप यह भी है कि मोबाइल, कंप्यूटर और अन्य उपकरण खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी। इतना ही नहीं, पूर्व पार्षद और उनके बेटे की गिरफ्तारी के बाद धीरे-धीरे उनकी करतूतों का पोल खुल गया था। मोबाइल दुकान के मालिक दुकानदार मनोज कुमार ने 2023 में मानस राय के बेटे को 1.12 लाख रुपये की कीमत के दो मोबाइल फोन उधार पर दिए थे। वहीं जब दुकानदार ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया गया। इस मामले में दुकानदार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मानव राय पर जबरन वसूली, कटमनी लेने और धोखाधड़ी के आरोप भी लगाए गए है। इस दौरान पुलिस अभियुक्त को रिमांड पर लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है।