पूर्व विधायक खोकन दास उत्तर प्रदेश से हुए गिरफ्तार

भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में जश्न
लड्डू बांटते भाजयुमो समर्थक
लड्डू बांटते भाजयुमो समर्थक
Published on

बर्दवान : उत्तर प्रदेश के हंडिया थाना क्षेत्र से बर्दवान दक्षिण के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक खोकन दास को बर्दवान थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। सूत्रों के मुताबिक, उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और जबरन वसूली समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर देने की अर्जी के साथ उत्तर प्रदेश की प्रयागराज कोर्ट में पेश किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में जश्न

खोकन दास की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके गढ़ माने जाने वाले बर्दवान के कंचननगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीजे बजाकर जमकर जश्न मनाया। भाजपा का झंडा थामे और छरहरी (गेरुआ) अबीर उड़ाते हुए कार्यकर्ता 'खोकन चोर' के गानों पर नाचते नजर आए। इसके साथ ही, भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कर्जन गेट के सामने आम जनता में लड्डू बांटे।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष ने कहा

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पिंटू साम ने कहा कि बर्दवान का आतंक खोकन दास आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। इससे बर्दवान के लोगों ने राहत की सांस ली है। इसी खुशी में आज उन लोगों ने लड्डू बांटे हैं।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा

इस बीच, बर्दवान में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने खोकन दास की गिरफ्तारी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि खोकन दास एक गुंडा था। चुनाव हारने के बाद भी वह लोगों को धमका रहा था। साल 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा में उसने भाजपा कार्यकर्ताओं पर घोर अत्याचार किया था। वह राज्य से बाहर भाग गया था, लेकिन पकड़ा गया। पापी लोग वहां (यूपी) जाकर क्या करेंगे? शायद बहुत पाप किया है, इसलिए गंगा स्नान करने गया होगा, लेकिन पुलिस ने वहीं से उसे उठा लिया। उसे जेल में ही रखना चाहिए, कारण ऐसे लोगों का बाहर घूमना खतरनाक है। ये पागल कुत्ते की तरह हैं, कब किसे काट लें, कोई भरोसा नहीं।

तृणमूल खेमे में सन्नाटा और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

रविवार सुबह जैसे ही खोकन दास की गिरफ्तारी की खबर फैली, तृणमूल कांग्रेस के खेमे में हड़कंप मच गया। रोज की तरह आज सड़कों पर टीएमसी के नेता नजर नहीं आए। दूसरी ओर, खोकन दास के गृह क्षेत्र कंचननगर के निवासियों ने राहत जताते हुए कहा कि जैसा कर्म किया था, वैसा ही फल भुगतना पड़ रहा है। उसने हमारे घर-बार लूटे, लगातार धमकियां दीं और जबरन जमीनों पर कब्जा किया। अगर किसी ने विरोध किया, तो उसे झूठे मामलों में फंसाया गया या पीटा गया। उसकी गिरफ्तारी से अब इलाके में शांति लौटेगी।

कैसे हुई गिरफ्तारी ?

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खोकन दास दिल्ली भागने की फिराक में था। रास्ते में रेलवे पुलिस (GRP) ने उसे पहचान लिया और तुरंत जिला पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। रविवार सुबह ही बर्दवान थाने की पुलिस ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। खोकन दास की गिरफ्तारी के तुरंत बाद सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल ने बर्दवान में स्थित उसके घर को चारों तरफ से घेर लिया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in