सांकतोड़िया अस्पताल में पहली बार हुआ इम्यूनोथेरेपी से कैंसर का सफल इलाज

सांकतोड़िया अस्पताल में मरीज के साथ डॉक्टर
सांकतोड़िया अस्पताल में मरीज के साथ डॉक्टर
Published on

सांकतोड़िया : ईसीएल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ते हुए सांकतोड़िया अस्पताल में पहली बार अत्याधुनिक इम्यूनोथेरेपी के माध्यम से मेटास्टेटिक ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित मरीज का सफल उपचार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि केवल ईसीएल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बर्द्धमान औद्योगिक क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

एंटीबॉडी-ड्रग कंजुगेट से उपचार की सफलता

उपचार में अत्याधुनिक दवा का प्रयोग किया गया, जो एंटीबॉडी ड्रग कंजुगेट तकनीक पर आधारित है। यह दवा विशेष रूप से HER2-पॉजिटिव ब्रेस्ट कैंसर के उन्नत चरण में प्रभावी मानी जाती है। चिकित्सकों के अनुसार, यह दवा कैंसर कोशिकाओं को लक्षित कर सीधे उन पर प्रभाव डालती है, जिससे स्वस्थ कोशिकाओं को कम नुकसान पहुंचता है और उपचार की सफलता की संभावना बढ़ जाती है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में दी गई इस थेरेपी ने यह सिद्ध कर दिया कि अब कोलफील्ड क्षेत्र में भी महानगरों जैसी उन्नत कैंसर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

क्या है इम्यूनोथेरेपी ?

इम्यूनोथेरेपी आधुनिक कैंसर चिकित्सा की एक उन्नत पद्धति है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय कर कैंसर कोशिकाओं से लड़ने में सक्षम बनाया जाता है। कैंसर कोशिकाओं को लक्षित उपचार, कम साइड इफेक्ट उन्नत चरण के मरीजों में बेहतर परिणाम, जीवन गुणवत्ता में सुधार की संभावना रहती है। अब तक इस तरह की सुविधाएं कोलकाता, दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों तक सीमित थीं, लेकिन सांकतोड़िया अस्पताल में इसकी शुरुआत क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा दे रही है।

ईसीएल स्वास्थ्य सेवाओं में नया अध्याय

ईसीएल प्रबंधन ने इसे चिकित्सा इतिहास की मील का पत्थर उपलब्धि बताया है। अधिकारियों ने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों, आश्रितों और लाभार्थियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और नई तकनीकों को लगातार शामिल कर अस्पताल को सुपर-स्पेशियलिटी स्तर तक विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनलोगों का उद्देश्य है कि लाभार्थियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े। क्षेत्र में ही उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in