

बर्दवान : खाद्य सुरक्षा को लेकर अब खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे जिले में अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को शक्तिगढ़ इलाके के लेंगचा हब और अन्य खाने की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की। इस टीम में खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, बीडीओ और अन्य सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल थे। कई लेंगचा व मिठाई की दुकानों, होटलों, ढाबों, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की तलाशी ली गई। मिली जानकारी के मुताबिक, इस अभियान में कोई बहुत बड़ी गड़बड़ी तो नहीं मिली, लेकिन अधिकारियों को कई खामियां जरूर नजर आईं। कई खाद्य पदार्थों और सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विशेषज्ञों ने कुछ खाद्य पदार्थों और सामग्रियों की खुद जांच की। उसी आधार पर उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में भोजन कैसे तैयार, संग्रहित और परोसा जाना चाहिए। अधिकारियों ने पनीर, कोल्ड ड्रिंक्स, मसाले और छेना की जांच की। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भोजन का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और परोसना कैसे होना चाहिए। इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक्सपायरी डेट पार कर चुके या गड़बड़ी पाए गए खाद्य और पेय पदार्थों को दुकान मालिकों के सामने ही नष्ट करने का आदेश दिया। व्यापारियों ने बताया कि यहां की कई दुकानों में छापेमारी की गई है। हालांकि कोई बहुत बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई, लेकिन कुछ ऐसे दिशानिर्देश(गाइडलाइंस) थे जिन्हें वे नहीं जानते थे या जिनका पालन नहीं किया जा रहा था। अब उनका पालन करना होगा। साथ ही कुछ सामान को नष्ट करना पड़ा है। शक्तिगढ़ के आमरा में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के दोनों ओर बड़ी संख्या में लेंगचा की दुकानें और ढाबे स्थित हैं। बताया गया है कि यह अभियान ग्राहकों की सुरक्षा के लिए ही चलाया गया है।