

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : इंडोयूजी कॉमर्स एंड सोशल काउंसिल (ICSC) के चेयरमैन तथा एफके ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मोहम्मद फिरोज खान (एफके) ने कोलकाता के निजी होटल में आयोजित फर्स्ट विकसित वेस्ट बंगाल समिट 2026 में प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया। ईटी गवर्नमेंट - द इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा आयोजित इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों, आईएएस अधिकारियों, नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और निवेशकों ने हिस्सा लिया। इसमें शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उद्योग मंत्री तापस रॉय, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता और पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। आयोजित सम्मेलन में विकसित भारत 2047, निवेश, औद्योगिक विस्तार, बुनियादी ढांचा, एआई, शहरी विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और रोजगार सृजन पर चर्चा हुई। इस मौके पर फिरोज खान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निवेश, उद्योग और बुनियादी ढांचे की अपार संभावनाएं हैं। सरकार और निजी निवेशकों के बीच मजबूत समन्वय से नए अवसर और रोजगार बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि एफके ग्रुप का उद्देश्य पश्चिम बंगाल सहित पूरे भारत में निवेश और सतत विकास के नए अवसर तलाशना है।