अभियुक्त को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग

गोली चलाकर फरार हुआ अभियुक्त /इस्माइल इलाके में दहशत
फरार अभियुक्त
फरार अभियुक्त
Published on: 

सूरज सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल के इस्माइल इलाका स्थित आम बगान रोड में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लूट समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के कथित अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस। आरोप है कि आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस पर अभियुक्त ने कथित तौर पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लूट समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी प्रताप दास इस्माइल इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही दक्षिण थाना पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए इलाके में पहुंची। पुलिस ने अभियुक्त को घेरने का प्रयास किया, तभी अभियुक्त ने पुलिस को निशाना बनाकर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। पुलिस को निशाना बनाकर की फायरिंग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों में छिप गए और दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। फायरिंग के बाद अभियुक्त मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी या स्थानीय व्यक्ति के घायल होने की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

हीरापुर और दक्षिण थाना की संयुक्त कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही हीरापुर थाना और आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की कई टीमें इस्माइल और आसपास के इलाकों में अभियुक्त की तलाश में छापेमारी कर रही हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रताप दास के खिलाफ पहले से ही लूट, छिनतई, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं। वह काफी समय से पुलिस की नजर से बचता फिर रहा था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News