आखिर मेयर बिधान उपाध्याय ने भी छोड़ा ममता बनर्जी का साथ !

मेयर बिधान उपाध्याय का ऋतुब्रत बनर्जी के साथ फोटो वायरल
आखिर मेयर बिधान उपाध्याय ने भी छोड़ा ममता बनर्जी का साथ !
Published on

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के मेयर और तृणमूल कांग्रेस नेता बिधान उपाध्याय ने कोलकाता में ऋतुब्रत बनर्जी से मुलाकात की है। वहीं इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या बिधान उपाध्याय ने भी ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है। आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय अपने दो समर्थकों के साथ सोमवार सुबह कोलकाता पहुंचे और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतुब्रत बनर्जी से मुलाकात की। बता दें कि इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, आसनसोल नगर निगम के दोनों उपमेयर अभिजीत घटक एवं वशिमूल हक सहित कुछ अन्य नेताओं ने भी ऋतुब्रत बनर्जी से मुलाकात कर ममता का साथ छोड़ दिया था। अब बाराबनी के पूर्व विधायक व आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय का ऋतुब्रत बनर्जी के साथ फोटो वायरल होने से यह चर्चा आम हो गयी है कि उन्होंने भी ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है ! वहीं इस फोटो के सामने आने के बाद आसनसोल नगर निगम की राजनीति को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है। कुछ जानकारों का कहना है कि निगम के वर्तमान बोर्ड को बचाने का यह एक अंतिम प्रयास हो सकता है। बता दें कि आसनसोल में राजनीतिक हलचल और नगर निगम के पार्षदों के लगातार इस्तीफे के बीच यह मुलाकात काफी अहम हो गयी है। गौरतलब है कि आसनसोल में चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या मेयर अपने पद से इस्तीफा दे देंगे, कारण नगर निगम पर कई तरह से दबाव बनते जा रहे हैं। अभी हाल में कुल 6 पार्षदों के इस्तीफा देने से नगर निगम के 6 वार्डों में कई तरह की समस्याएं आने वाली हैं और इसका निवारण कैसे होगा, इसे लेकर चर्चा बनी हुई है। वहीं सूत्रों के अनुसार मेयर बिधान उपाध्याय का कहना है कि यह मुलाकात केवल पार्टी के कामकाज और संगठन से जुड़ी कुछ समस्याओं को लेकर थी। उन्होंने आगे कहा है कि वे तृणमूल के साथ थे और हमेशा रहेंगे पर यह स्पष्ट नहीं किया कि वे ममता बनर्जी के साथ हैं या ऋतुब्रत बनर्जी के साथ। हालांकि ऋतुब्रत बनर्जी के साथ तस्वीर वायरल होने का अर्थ ही लगाया जा रहा है कि ममता बनर्जी को छोड़ ऋतुब्रत बनर्जी गुट में चले गये हैं। बहरहाल मंगलवार का दिन आसनसोल नगर निगम के लिए काफी अहम रहने वाला है। क्या इस दिन बोर्ड के पदाधिकारी इस्तीफा देंगे या फिर वर्तमान बोर्ड ही आगे कार्य करेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in