''किसानों को बिजली की प्रति यूनिट में मिलेगी 2 रु. की सब्सिडी''

मुख्यमंत्री ने राज्य के किसानों के लिए की घोषणा/बढ़ा किसान सम्मन निधि योजना की राशि
''किसानों को बिजली की प्रति यूनिट में मिलेगी 2 रु. की सब्सिडी''
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान : बर्दवान के पुलिस लाइन मैदान से राज्य के लगभग 4 लाख किसानों को प्रति यूनिट 2 रुपये की सरकारी सब्सिडी और ''सूर्य घर'' योजना का लाभ राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रदान किया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य के मंत्री खुदीराम टुडू सहित तीन राज्य मंत्री कलिता माझी, मौमिता विश्वास मिश्रा और गार्गी दास घोष मौजूद थीं। बिजली विभाग के सचिव और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने पिछली तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस जिले के जिलाधिकारी से सभी बालू घाटों की नीलामी करने को कहा है। पहले 500 घाट थे, जिनमें से अधिकांश अवैध थे। 75-25 के अनुपात में यहां से पैसे वसूलकर कैमैक स्ट्रीट भेजे जाते थे। चुनाव से पहले बालू का भंडारण किया गया था ताकि दोबारा सरकार में आकर पैसे कमाए जा सकें। जिलाधिकारी ने बताया है कि नीलामी से राजकोष में 13 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। मैंने सभी घाटों की नीलामी करने का निर्देश दिया है।

किनको मिलेगा लाभ

किसानों के लिए योजना का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के सभी ब्लॉकों के वे किसान जो बिजली से चलने वाले पंपसेट का उपयोग करते हैं और जिनका सालाना बिल 50 हजार रुपये तक आता है, उन्हें प्रति यूनिट 2 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। पूर्व बर्दवान जिले के लगभग 25 हजार किसानों को इसका लाभ मिल रहा है, जिससे उन्हें साल में 25 से 30 हजार रुपये की छूट मिलेगी। यह सुविधा अगस्त महीने से लागू की गई है और इसके लिए राज्य सरकार 300 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस अवसर पर भातार के महाचंदा, धनेखाली, विष्णुपुर और दक्षिण 24 परगना में संवर्धित (अपग्रेटेड) बिजली सब-स्टेशनों का उद्घाटन किया गया। साथ ही मेमारी-चॉकदीघी-तारकेश्वर रोड पर 13 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल का भी उद्घाटन हुआ।

बढ़ा किसान सम्मन निधि योजना की राशि

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत जिन्हें पहले 6 हजार रुपये मिलते थे, उनका सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया गया है। योग्य लाभार्थियों को अब राज्य सरकार द्वारा 1 हजार रुपये अतिरिक्त जोड़ने के बाद कुल 9 हजार रुपये मिलेंगे। ''कृषक बंधु'' योजना के लाभार्थियों का भी सत्यापन चल रहा है और उन्हें दो किस्तों में राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनवरी से पहले आलू किसानों के लिए एक विशेष पैकेज लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने कालाबाजारी, लूट और आलू के निर्यात में बाधा डालकर किसानों पर अत्याचार किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in