

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : डिजिटल युग में तकनीक जहां एक ओर सहूलियतें लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर साइबर ठगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पेंशनर्स को भी अपना निशाना बना रहे हैं। फरीदपुर (लावदोहा) थाना क्षेत्र के तिलाबनी गांव में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के एक रिटायर्ड कर्मी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने एक झटके में 3.55 लाख रुपये उड़ा लिए। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया है। इधर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
लाइफ सर्टिफिकेट भरते वक्त हुआ खेल
जानकारी के अनुसार, ईसीएल के रिटायर्ड कर्मी सैयद अब्दुल मलिक अली सोमवार को अपने मोबाइल फोन के जरिए पेंशन के लिए बेहद जरूरी 'लाइफ सर्टिफिकेट' (जीवन प्रमाण पत्र) का फॉर्म भर रहे थे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के दौरान ही शातिर साइबर ठगों ने उनके खाते में सेंध लगा दी और बैंक खाते से 3,55,500 रुपये की अवैध निकासी (Unauthorised Withdrawal) कर ली। अचानक खाते से इतनी बड़ी रकम कटने का संदेश मिलते ही बुजुर्ग कर्मी और उनके परिजनों के होश उड़ गए।
थाने और बैंक में दी गई लिखित शिकायत
पूरी जिंदगी की गाढ़ी कमाई इस तरह एक झटके में छिन जाने से आहत पीड़ित परिवार ने तुरंत मामले की सुध ली। अपनी जमापूंजी को वापस पाने और ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाने के लिए वे सबसे पहले राष्ट्रीयकृत बैंक की लावदोहा शाखा के प्रबंधक और फरीदपुर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की लिखित शिकायत दी।
इस पूरे मामले पर पीड़ित के भाई एवं कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सैयद इबादत ने चिंता जताते हुए कहा, 'मेरे बड़े भाई ईसीएल से रिटायर्ड पेंशनर हैं। सोमवार को वे मोबाइल पर अपना लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कर रहे थे, तभी साइबर अपराधियों ने उनके खाते से एकमुश्त साढ़े तीन लाख से अधिक की रकम उड़ा ली। हमने इस घटना की आधिकारिक शिकायत संबंधित बैंक और स्थानीय पुलिस थाना दोनों जगहों पर दर्ज करा दी है।'