

दुर्गापुर : फरीदपुर थाना की पुलिस आलिया बीबी हत्याकांड का पर्दाफाश करने में सफल हुई है। फरीदपुर थाना क्षेत्र के रांगामाटी की गृहिणी आलिया बीबी 16 अगस्त से लापता थीं। वहीं 31 अगस्त को श्रीकृष्णपुर गांव के बाहर काली मंदिर के निकट निर्जन स्थान पर स्थित कुएं से आलिया बीबी का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था। प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में इस नृशंस हत्या का पर्दाफाश हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में आलिया के एक प्रेमी शेख लालन का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। अभियुक्त से पूछताछ में एक और प्रेमी शेख सलाउद्दीन का नाम सामने आया था। इसके बाद सलाउद्दीन को गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड पर लिया गया था।
अभियुक्त को लेकर हत्याकांड का पुनर्निर्माण
दुर्गापुर के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक गुप्ता ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ में सलाउद्दीन ने अपना गुनाह कबूल किया है। उसने खुलासा किया कि उस रोज सुबह से ही आलिया को मारने की योजना बनाई थी। शाम को उसने गले पर धारदार हथियार से वार किया और मौत सुनिश्चित करने के लिए गले में ईंट बांधकर शव को पास के कुएं में फेंक दिया। अभियुक्त के अनुसार आलिया बीबी उसे फोन पर ब्लैकमेल कर रही थी। यही हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं 31 अगस्त को स्थानीय लोगों ने कुएं से दुर्गंध आने पर शव देखा और पुलिस को सूचना दी थी। अभियुक्त सलाउद्दीन के पास से दो गुप्त मोबाइल नंबर और 18 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इन्हीं गुप्त नंबरों से उसका आलिया से संपर्क होता था। फिलहाल सलाउद्दीन को रिमांड पर लेकर पूछताछ के साथ महिला हत्याकांड का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। फरीदपुर थाना में मृतका के पति शेख गियासुद्दीन ने शिकायत दर्ज कराई थी।