फरीदपुर थाना के शिकंजे में मंदिरों का 'महाचोर'

चोरी के बर्तन खरीदनेवाला व्यापारी भी गिरफ्तार
गिरफ्तार दोनों अभियुक्त, बरामद माल और घटना की जानकारी देते एसीपी दीप कुमार दास
गिरफ्तार दोनों अभियुक्त, बरामद माल और घटना की जानकारी देते एसीपी दीप कुमार दास
Published on: 

पांडवेश्वर: लावदोहा इलाके के मंदिरों में चोरी करने वाले शातिर सीरियल चोर को फरीदपुर (लावदोहा) थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले एक स्थानीय व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न मंदिरों से चुराए गए पीतल-तांबे के पूजा बर्तन और अन्य सामग्री भारी मात्रा में बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य चोर शेख नवीन और व्यापारी शेख अनवर शामिल है।

हर 10 से 15 दिन में नए मंदिर को बनाता था निशाना

इलाके में बीते कुछ समय से 10 से 15 दिनों के अंतराल पर मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे स्थानीय लोगों में रोष था। बढ़ते मामलों को देखते हुए फरीदपुर थाना प्रभारी हिमाद्रि शेखर बर्मन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने वैद्यनाथपुर इलाके से संदिग्ध शेख नवीन को हिरासत में लिया।

5 दिन के रिमांड में उगला सच, व्यापारी की दुकान पर रेड

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने बताया कि बीते 30 अगस्त को फरीदपुर थाना क्षेत्र के कालीपुर स्थित एक मंदिर में चोरी हुई थी। 7 तारीख को संदिग्ध शेख नवीन को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश कर उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड ली गई। पूछताछ में उसने इलाके के 4 से 5 मंदिरों में चोरी की बात कबूल कर ली। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने लावदोहा मोड़ स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर चोरी के बर्तन खरीदने वाले व्यापारी शेख अनवर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

दुर्गापुर का रहने वाला है शातिर, लावदोहा में बना रखा था ठिकाना

पुलिस जांच में सामने आया कि शेख नवीन मूल रूप से दुर्गापुर के अमराई इलाके का निवासी है। दुर्गापुर थाने में भी उसके खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने लावदोहा के रांगामाटी इलाके में नया ठिकाना बनाया था, जहां से वह आसपास के धार्मिक स्थलों की रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहा था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in