

रानीगंज : रानीगंज ब्लॉक के बांसड़ा स्थित नेशनल हाई-वे के किनारे एक प्राइवेट अस्पताल में पुनः एक रोगी की मौत को केन्द्र कर जमकर हंगामा किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर रानीगंज थाना अंतर्गत पंजाबी मोड़ पुलिस फांड़ी के अधिकारी पहुंचे। उल्लेखनीय है कि इस अस्पताल में रोगी ती मृत्यु को केन्द्र कर हंगामे की यह पहला घटना नहीं है, हर महीने इस तरह की घटना होती रहती हैं। इस बार भी चिकित्सा में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध मरीज के परिजनों ने हंगामा मचाया। बताया जाता है कि जामुड़िया थानांतर्गत बेनाली ग्राम की रहने वाली सानोवारा खातून को अस्वस्थ अवस्था में रविवार की शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज के शरीर में हेमोग्लोबिन की कमी थी। इस बारे में मृतका सानोवारा खातून के पिता शेख मोहिद का कहना है कि वे पेशे से बस चालक हैं। उन्हें जब पता चला कि उनकी बेटी की तबीयत बेहद खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही उन्हें दो बोतल ब्लड की व्यवस्था करने को कहा गया। वे किसी तरह आधे रात तक एक बोतल ब्लड की व्यवस्था कर पाये। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि उनकी बेटी आईसीयू में भर्ती है। वह बेहद नाजुक अवस्था है, परन्तु डॉक्टर उसे देखने तक नहीं आए। आखिर उनकी बेटी की मौत हो गयी। इस मौत के लिए संपूर्ण रूप में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही जिम्मेदार है। समाचार लिखे जाने तक सोमवार की दोपहर तक अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध परिजनों का प्रदर्शन जारी रहा।