राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में केवि आसनसोल का उत्कृष्ट प्रदर्शन

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आईआईटी खड़गपुर में आयोजित की गई थी प्रतियोगिता
विजेता विद्यार्थी
विजेता विद्यार्थी
Published on: 

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आसनसोल के विद्यार्थियों ने केन्द्रीय विद्यालय संगठन की क्षेत्रीय स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। यह प्रतियोगिता सात एवं आठ अक्टूबर को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आईआईटी खड़गपुर में आयोजित की गई। इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक आयोजन में विद्यालय के चार विद्यार्थी दलों ने अपने विज्ञान परियोजना कार्य प्रस्तुत किए। प्राचार्य अमित कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनकी परियोजनाओं के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए । प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच, विषयगत समझ तथा अनुसंधानपरक अभिरुचि का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ, दोनों वर्गों में विद्यार्थियों की सहभागिता रही। कनिष्ठ वर्ग में श्रद्धा भारती एवं आर्या शर्मा ने मार्गदर्शक शिक्षिका रेशमी इक्का के निर्देशन में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया। वहीं, वरिष्ठ वर्ग में तीन विद्यार्थी दलों ने भाग लिया। इनमें अग्निसिक्ता साधुखान एवं नम्रता ने रेशमी इक्का के मार्गदर्शन में, वैभवी गुप्ता एवं जाह्नवी कुमारी ने कुमारी शिखा के निर्देशन में तथा आदित्य सिंह कश्यप एवं खुशी कुमारी ने सुदीप्ता कुंडू के मार्गदर्शन में अपनी विज्ञान परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाते हुए कक्षा दसवीं के विद्यार्थी आदित्य सिंह कश्यप एवं खुशी कुमारी का केन्द्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चयन हुआ है। दोनों विद्यार्थी नवंबर महीने में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, तिरुमलगिरी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी परियोजना प्रस्तुत करेंगे। क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के पश्चात राष्ट्रीय स्तर के लिए उनका चयन विद्यालय के लिए गर्व एवं हर्ष का विषय है। विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक जिज्ञासा, परिश्रम एवं समर्पण की सराहना करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित विद्यार्थी दल को आगामी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in